3145 मौतें, 221 लापता, 4589 घायल, म्यांमार में भूकंप ने चीनी नागरिक भी निगले
यंगून। म्यामांर में शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों में चीन के पांच नागरिक शामिल हैं और 13 अन्य घायल हुए हैं। म्यांमार में चीनी दूतावास ने पुष्टि की है कि म्यांमार में आए शक्तिशाली भूकंप में पांच चीनी नागरिकों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हुए हैं। म्यांमार रेडियो और टेलीविजन की गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार 7.9 तीव्रता वाले भूकंप में मरने वालों की संख्या बढक़र 3,145 हो गई है और 4,589 अन्य घायल हुए हैं जबकि 221 लापता हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने व्यक्त की संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान म्यांमार के शीर्ष नेता सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की और भूकंप के कारण हुई जानमाल की हानि पर फिर से संवेदना व्यक्त की। श्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दोनों पक्षों ने कनेक्टिविटी, क्षमता निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत ऑपरेशन ब्रह्मा के माध्यम से भूकंप से तबाह म्यांमार की मदद करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के दौरान म्यांमार के सीनियर जनरल मिन आंग ह्लाइंग से मुलाकात की एवं हाल ही में आए भूकंप के मद्देनजर जान-माल की हानि पर एक बार फिर संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा भारत इस महत्वपूर्ण समय में म्यांमार के हमारे भाइयों और बहनों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। हमने भारत और म्यांमार के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की, विशेष रूप से कनेक्टिविटी, क्षमता निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास और अन्य क्षेत्रों में।